अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर – महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आज रायपुर स्थित माना एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका ने पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं राजकीय गमछा पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू , उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा , सांसद बृजमोहन अग्रवाल , महापौर श्रीमती मीनल चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचेगी और रजत जयंती वर्ष पर विधायकों को संबोधित करेंगी। फिर विधानसभा पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू कदंब का पौधारोपण करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति के साथ सभी विधायकों का ग्रुप फोटो होगा। राष्ट्रपति के पूरे कार्य्रकम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका , सीएम विष्णुदेव साय , विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह , नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ ही राज्यपाल रमेन डेका , विस अध्यक्ष रमन सिंह , सीएम विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष भी विधानसभा को संबोधित करेंगे।
