संवाददाता दुर्गा प्रसाद डडसेना
जांजगीर चांपा – जांजगीर विधायक ब्यास कश्यप ने आज विधान सभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से अनाथालयों एवं वृद्धाश्रम के बारे में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि मंत्री जी द्वारा जो लिखित जवाब दिया गया है उसमें वृद्धाश्रम के बारे कही कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पूछा कि आपके द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जांजगीर में चाइल्ड हेल्प समिति संचालित है ऐसी जानकारी दी गई है तो कृपया अवगत कराएं कि यह किस स्थान पर संचालित है। मंत्री द्वारा पहले नवागढ़ जवाब दिया गया। पुनः पूछे जाने पर कि नवागढ़ में किस स्थान पर तो जवाब में नैला बताया गया। मंत्री जी के जवाब पर विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि मैं तो नैला का निवासी हूं, नैला में रहता हूं, मेरी पैदाइश वही की है, जहां तक मुझे जानकारी है ऐसी कोई समिति नैला में संचालित नहीं है।
विधायक कश्यप ने कहा कि पूर्व में जांजगीर नगर में अनाथालय संचालित था जिसे अभी बंद कर दिया गया है। शासन का खुद का भवन है। क्या भविष्य में इसे शासन द्वारा संचालित किया जाएगा या विभाग केवल निजी संस्थानों पर निर्भर रहेगा। जवाब में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मैं इसका निरीक्षण कराउंगी।
विधायक ने पूछा कि एकीकृत बाल संरक्षण योजना के लिए बजट में कितनी राशि का प्रावधान किया गया है। विगत वर्ष कितनी राशि खर्च की गई। इसके जवाब में मंत्री निरुत्तर रहीं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मंत्री जी आप बाद में विधायक जी को जवाब उपलब्ध करा देना
