अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायगढ़ – नशे की हालत में अश्लील हरकत करने पर बड़े पत्थर से ताबड़तोड़ वार करते हुये जघन्य हत्याकांड की घटना को अंजाम देने के आरोपी पति – पत्नी को लैलूंगा थाना पुलिस ने कुछ ही घंटों में विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से दोनो आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुये एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने अरविन्द तिवारी को बताया कि आज रविवार को सुबह थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में एक व्यक्ति का शव मिला , जिसकी पहचान बावन वर्षीय फागूलाल राठिया के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन और एडिशनल एसपी आकाश मरकाम व एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर मृतक की साइकिल और कुछ दूरी पर टूटी हुई कांच की चूड़ियां बरामद हुईं , जिससे जांच की दिशा तय हुई। गांव के कार्तिक राम राठिया ने पुलिस को बताया कि बीती रात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी , जिसमें फागूलाल भी शामिल था। बैठक के बाद वह गांव के रोहित कोरवा के साथ देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित कोरवा को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की , जिसमें उसने अपनी पत्नी पंचमी कोरवा के साथ मिलकर फागूलाल की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी रोहित कोरवा (19 वर्ष) और उसकी पत्नी पंचमी कोरवा (37 वर्ष) ने बताया कि घटना की रात फागूलाल उनके घर आया था। खाना खाने के बाद उसने नशे की हालत में अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी और झगड़ा करने लगा। इस पर रोहित और पंचमी ने उसे समझाने की कोशिश की , लेकिन जब वह नहीं माना तो दोनों मिलकर उसे खींचते हुये भेड़ीमुडा मार्ग की ओर ले गये। वहां पर दोनों ने मिलकर फागुलाल की हाथ-मुक्कों से पिटाई की और फिर एक बड़े पत्थर से उसके सिर , चेहरे और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों के मेमोरण्डम के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर , खून से सने कपड़े और अन्य अहम सबूत जब्त किये गये। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2025 के तहत धारा 103(1) , 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर लैलूंगा थाना पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से दोनो आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े , सहायक उपनिरीक्षक चंदन सिंह नेताम , प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा , आरक्षक राजू तिग्गा , सुरेश मिंज और महिला ग्राम कोटवार की अहम भूमिका रही। वहीं पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने टीम को त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से मामले को सुलझाने के लिये सराहना की है।
Author: News-24 Express
Editor in chief Ankush Kumar Bareth Bilaspur, Chhattisgarh 495001





